बिना पंजीकरण चल रहे होम स्टे पर प्रशासन सख्त

हल्द्वानी में एसडीएम का औचक निरीक्षण, दो होम स्टे बिना वैध पंजीकरण संचालित मिले

भीमताल, 17 मई। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर रविवार को प्रशासन ने हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित होम स्टे इकाइयों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने परगना हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न होम स्टे का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान काठगोदाम क्षेत्र में संचालित आनंदम होमस्टे, कुमाऊं द्वार होमस्टे एवं बिष्ट जी होमस्टे का निरीक्षण किया गया। जांच में आनंदम होमस्टे और बिष्ट जी होमस्टे बिना वैध पंजीकरण के संचालित होते पाए गए, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।

उपजिलाधिकारी ने होम स्टे में सफाई व्यवस्था, आगंतुक पंजीकरण रजिस्टर, अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तत्काल नियमानुसार पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वैध पंजीकरण होने तक इन होम स्टे का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में बिना पंजीकरण संचालन करते पाए जाने पर संबंधित होम स्टे को सील कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ होम स्टे संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिले, जबकि कुछ इकाइयां बंद अवस्था में पाई गईं।

उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि परगना हल्द्वानी में बिना पंजीकरण संचालित होम स्टे और अन्य पर्यटन इकाइयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा सभी संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *