बरसात में गोला पुल सुरक्षित रहे, समय से पूरे हों कार्य
विद्युत अभियंता अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यशैली पर रखें पैनी नजर
भीमताल। सांसद अजय भट्ट ने सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में सिंचाई, लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत विभाग द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने निर्देश दिए कि बरसात के समय गोला पुल को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे, इसके लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम समय रहते उठाए जाएं। उन्होंने गोला नदी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए विभिन्न स्थलों की डीपीआर तत्काल शासन को प्रेषित करने तथा उसकी एक प्रति उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पनचक्की–कटघरिया नहर कवरिंग कार्य को युद्धस्तर पर करते हुए 15 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कराए जा रहे एवं प्रस्तावित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बच्ची नगर नहर कवरिंग का प्रस्ताव शासन को भेजने तथा उसका एस्टिमेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
यूपीसीएल (विद्युत विभाग) की समीक्षा के दौरान सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अभियंताओं को अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यशैली पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिक विद्युत बिल की शिकायतों पर नियमानुसार सब-मीटर लगाकर जांच कराने तथा क्षतिग्रस्त पोल और झूलते तारों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल प्रदीप कुमार एवं संदीप कुमार गुप्ता, तहसीलदार कुलदीप पांडे, सहायक अभियंता सिंचाई चंद्रशेखर आर्या, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, राजीव जायसवाल, हिमांशु मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।