आनंद बर्धन की अध्यक्षता में रोपवे परियोजनाओं पर प्रथम बोर्ड बैठक

देहरादून–मसूरी परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, पीपीपी मोड पर समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

भीमताल । मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं के विकास, क्रियान्वयन, संचालन एवं रखरखाव से संबंधित विभागों, हितधारकों तथा पीपीपी कंपनियों के साथ प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनपदों में संचालित एवं प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित जिलाधिकारियों से भी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि रोपवे परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, मोबिलिटी और समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि विजिबिलिटी स्टडी सहित प्रारंभिक प्रक्रियाओं को हाई पावर कमेटी के समक्ष समय से प्रस्तुत किया जाए, ताकि सभी पक्षों पर विस्तृत विचार-विमर्श हो सके और निर्णय प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में रोपवे से संबंधित प्रस्तावों की गहन एवं त्वरित स्क्रूटनी कर लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने पीपीपी मोड पर विकसित की जा रही परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय एवं प्रशासनिक अनुमोदनों की औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य संपादित करने पर विशेष जोर दिया।
देहरादून–मसूरी रोपवे परियोजना में हो रही देरी पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन, निर्माण एजेंसियों, लोक निर्माण विभाग एवं सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों का समाधान करने को कहा। जिन प्रस्तावों को हाई पावर कमेटी अथवा बोर्ड के समक्ष रखा जाना है, उन्हें समयबद्ध ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज पांडेय, धीरज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रूहेला तथा एनएचएलएमएल से प्रशांत जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *