खुजेठी-पतलिया मोटर मार्ग के डामरीकरण को मिली मंजूरी, 1.24 करोड़ की लागत से होगा सुधारीकरण

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत खुजेठी से पतलिया मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण मार्ग के लिए 1 करोड़ 24 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से खराब हालत में पड़े इस मोटर मार्ग के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के चलते वाहन फंस जाते थे, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती थी।
स्थानीय लोगों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन द्वारा 1.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए शासनादेश जारी कर दिया गया है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि शीघ्र ही मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार और डामरीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है।
इस स्वीकृति से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोगों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *