चाफी–धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण को 9.37 करोड़ की स्वीकृति, जल्द शुरू होगा कार्य : विधायक कैड़ा

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत चाफी से पदमपुरी होते हुए धारी तक मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। मार्ग की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही मांग को संज्ञान में लेते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की थी। विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री द्वारा चाफी–पदमपुरी–धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 9 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि शीघ्र ही मोटर मार्ग पर सोलिंग का कार्य शुरू किया जाएगा तथा फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के प्रथम सप्ताह तक डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। मोटर मार्ग की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *