भीमताल विधानसभा के चारों ब्लॉकों में न्याय पंचायतवार श्रम विभाग के कैंप लगाने के निर्देश

भीमताल, 24 अगस्त। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चारों ब्लॉकों में श्रम विभाग के न्याय पंचायतवार कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने श्रम विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर कहा कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल विकासखंडों में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने श्रम विभाग में अपना पंजीकरण कराया है। ऐसे में सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर कैंप लगाए जाना जरूरी है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि कैंपों के माध्यम से उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंपों का आयोजन इस प्रकार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कर्मकार बोर्ड एवं श्रम विभाग के माध्यम से अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, श्रमिकों की बालिकाओं के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता तथा श्रमिक की मृत्यु के बाद उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं प्रमुख हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से श्रमिकों के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त जांच की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ लेने में श्रमिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी भी कैंपों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में न्याय पंचायतवार कैंप आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र श्रमिक किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *