मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की चौपाल में 105 ग्रामीणों ने लिया भाग

भीमताल, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के चौथे दिन सोमवार को विकासखंड धारी में आईईसी वैन के माध्यम से विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान मटियाल, पदमपुरी, भालूगाड़, कसियालेख, शशबनी एवं सुनकिया ग्राम पंचायतों में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

रीप (ग्रामोत्थान) एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की टीम ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के साथ ही ग्राम्य विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। आयोजित चौपालों में करीब 105 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के लाभार्थी अर्जुन बिष्ट के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से Meesho पर ऑनलाइन मार्केट लिंकेज भी किया गया। इससे स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पाद ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने और संभावित ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।

टीम ने ग्रामीणों से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *