प्राधिकरण पर पूंजीपतियों को संरक्षण, गरीबों का शोषण करने का आरोप

तिकोनिया चौराहे पर कांग्रेस नेता पनेरु के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

भीमताल : नगर में झील विकास प्राधिकरण की कार्यशैली से नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को भीमताल के तिकोनिया में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता हरीश पनेरू के नेतृत्व में हुए इस विरोध में प्राधिकरण पर भ्रष्टाचार, भेदभावपूर्ण कार्रवाई और जनविरोधी रवैये के गंभीर आरोप लगाए गए।
पनेरू ने कहा कि प्राधिकरण पूंजीपतियों पर मेहरबान है और गरीबों, छोटे व्यापारियों को निशाना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा अवैध निर्माण करने वालों से मोटी रकम लेकर उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि आम जनता के पुश्तैनी मकानों और दुकानों को बिना उचित जांच के सील किया जा रहा है।
व्यापारी नेता सौरभ रौतेला ने कहा कि प्राधिकरण की कार्रवाईयों से स्थानीय लोग त्रस्त हैं। बाहरी लोगों द्वारा बनाई गई अवैध बिल्डिंगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, लेकिन स्थानीय निवासियों को मामूली बातों पर नोटिस और सीलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने प्राधिकरण सचिव पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। धरने में बीडी पलड़िया, गुंजन रौतेला, नीरज कुमार मोनू, दीपू फर्त्याल, जीवंती आर्य, आशा आर्या सहित कई स्थानीय नागरिक और व्यापारी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *