उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर बदलने पर रोक

शिकायतों के पूर्ण निस्तारण तक ऊर्जा निगम ने रोका अभियान

भीमताल । स्मार्ट मीटरों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर उत्तराखंड ऊर्जा निगम ने बड़ा फैसला लेते हुए स्मार्ट मीटर बदलने के अभियान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। प्रबंध निदेशक, उपाकालि की अध्यक्षता में 22 नवंबर को हुई समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जब तक स्मार्ट मीटरों से जुड़ी सभी शिकायतों का पूरी तरह निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक मीटर बदलने का कार्य स्थगित रखा जाएगा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए ऊर्जा निगम ने निर्णय लिया कि फिलहाल केवल NSC और IDF श्रेणी के मीटरों को ही स्मार्ट मीटर से बदला जाएगा। अन्य श्रेणियों में मीटर बदलने की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है।

स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में AMISP के कार्मिकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके और बिलिंग, रीडिंग व तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़ी शिकायतों की वास्तविक समय पर जांच की जा सके।

ऊर्जा निगम ने क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर से संबंधित सभी शिकायतों का पूर्ण निस्तारण कर विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर आगे स्मार्ट मीटर बदले जाने की प्रक्रिया को पुनः शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

ऊर्जा निगम के इस कदम को उपभोक्ताओं की बढ़ती चिंताओं और आक्रोश को देखते हुए एक महत्वपूर्ण राहतकारी निर्णय माना जा रहा है। निगम प्रबंधन का कहना है कि उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी, भरोसेमंद और सुचारू सेवा उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की शंका या अविश्वास की स्थिति न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *