विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम धामी ने किया पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जोड़ा संदेश
भीमताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भीमताल पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झील सौंदर्यीकरण अभियान की शुरुआत करते हुए भीमताल झील परिक्षेत्र में बोगनबेलिया के पौधे रोपित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि झीलों की खूबसूरती और पर्यावरण संरक्षण उत्तराखंड की पहचान है, जिसे संजोना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रामलीला मैदान क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अपनी माता बिसना देवी के नाम से बोगनबेलिया का पौधा लगाया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और जीवनशैली का प्रकृति से गहरा संबंध रहा है। यहां के पर्व, परंपराएं और जनजीवन हमेशा पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को मजबूत करते आए हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले की झीलें विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखती हैं और इन्हें संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील किनारे बोगनबेलिया के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे झील क्षेत्र का सौंदर्य और अधिक निखरेगा।
मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान प्रत्येक नागरिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल होगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भी अपनी दिवंगत माता रेवती देवी की स्मृति में पौधारोपण किया। वहीं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य वन संरक्षक तेजस्विनी अरविंद पाटील, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे और अन्य अधिकारियों ने भी अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रकृति प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने भी भागीदारी निभाई।