भीमताल ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस की बैठक, विधानसभा प्रभारी मनोज शर्मा का जोरदार स्वागत

भीमताल। कांग्रेस के भीमताल ग्रामीण ब्लॉक की बैठक आज भीमताल विधानसभा प्रभारी BLA-1 मनोज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं ने विधानसभा प्रभारी मनोज शर्मा का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया।
बैठक के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि मनोज शर्मा जैसे ईमानदार और कर्मठ व्यक्ति के प्रभारी बनने से विधानसभा क्षेत्र के युवाओं सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। कांग्रेसजनों ने विधानसभा प्रभारी को आश्वस्त किया कि भीमताल ग्रामीण ब्लॉक के प्रत्येक बूथ पर पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य किया जाएगा तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस को विजयी बनाया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी मनोज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर है। हाईकमान की पैनी नजर उत्तराखंड पर बनी हुई है। प्रत्येक कांग्रेसजन की भावनाओं का सम्मान करते हुए जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने का कार्य किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की हठधर्मी और जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। युवा, मातृशक्ति और समाज का हर वर्ग परेशान है। सड़कों, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं चरमरा चुकी हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं को रोजगार के बजाय लाठियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंजीनियरिंग विभाग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है तथा सांसद और विधायक निधियों में कमीशनखोरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि जहां एक ओर नेता फल-फूल रहे हैं, वहीं आम जनता दाल-रोटी के संघर्ष में घुट-घुट कर जीवन जीने को मजबूर है। भाजपा नेताओं पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग ‘सेटिंग-गेटिंग’ के खेल में प्रदेश की बेटियों की अस्मिता से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसी सरकार और उसके नेताओं से विकास की उम्मीद करना स्वयं के साथ बेईमानी है।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरने का उन्होंने पूरी निष्ठा से प्रयास किया है। इसका परिणाम यह है कि भीमताल विधानसभा के लगभग सभी बूथों पर BLA-2 का गठन किया जा चुका है और सभी जिम्मेदार कार्यकर्ता पार्टी के प्रति पूर्ण निष्ठावान हैं। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. केदार पलड़िया, जिला उपाध्यक्ष भुवन सिंह दरमवाल, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह मेहरा, लक्ष्मी दत्त पलड़िया, हरीश चंद्र शर्मा, हरीश आर्या सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *