खुर्पाताल में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, दूसरे दिन भी जारी रहा अभियान

भीमताल। खुर्पाताल क्षेत्र में जिला विकास प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। दो दिन तक चले अभियान में प्राधिकरण की जमीन से अवैध कब्जों को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि हाल ही में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत के खुर्पाताल भ्रमण के दौरान प्राधिकरण की भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उनके निर्देशों के क्रम में जिला विकास प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाए।
सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार और शुक्रवार को संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान चार होटल स्वामियों द्वारा प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को चार होटलों से अतिक्रमण हटाया गया था, जबकि शेष अवैध निर्माण को शुक्रवार को हटाया गया। इसके साथ ही प्राधिकरण की भूमि की घेराबंदी का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
सचिव विजय नाथ शुक्ल ने स्पष्ट किया कि जिले में अतिक्रमण से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और अवैध कब्जों को हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *