भीमताल । प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को हल्द्वानी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिससे लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
जनता दरबार में दूर-दराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व समेत विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने 700 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने का भी आह्वान किया।
जनता दरबार में नगर आयुक्त हल्द्वानी, जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) नैनीताल, उपजिलाधिकारी धारी, उपजिलाधिकारी नैनीताल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव तथा विद्युत, जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।