डांडिया महोत्सव में शामिल हुईं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, भारतीय संस्कृति को बताया वैश्विक पहचान का प्रतीक

भीमताल । नवरात्रि के अवसर पर रामनगर में आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सहभागिता की। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं आयोजकों ने उनका स्वागत किया। मंत्री ने डांडिया नृत्य को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि यह परंपरा अब वैश्विक मंच पर पहचान बना रही है। रेखा आर्या ने कहा कि डांडिया न केवल सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देता है, बल्कि समाज को एकता, उत्साह और पारस्परिक सद्भाव के सूत्र में भी बांधता है। उन्होंने कहा कि आज देश ही नहीं, विदेशों में भी डांडिया की लोकप्रियता बढ़ रही है, जो भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है। मंत्री ने डांडिया को फिटनेस के दृष्टिकोण से भी लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह नृत्य शैली शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है और युवाओं को पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख रामनगर मंजू नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा रावत, इंद्र रावत, संजय नेगी, किरण मठपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *