सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन फायरिंग, ड्रिल और वृक्षारोपण गतिविधियां रहीं आकर्षण का केंद्र
भीमताल । सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन कैडेटों के लिए विविध प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता की निगरानी में आयोजित कार्यक्रमों में कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
शिविर की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी), ड्रिल, फायरिंग और माउंटेन इक्विपमेंट प्रशिक्षण के साथ हुई। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक को समझाने के उद्देश्य से कैडेटों को ड्रोन के उपयोग और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान ड्रोन की तकनीकी विशेषताओं और वर्तमान समय में उसकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई।
कैडेटों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए कला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता और विभागीय अधिकारी यशपाल सिंह रावत ने कैडेटों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस दौरान कैडेटों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन मधु सैंगर, सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट चंचल सिंह, सूबेदार तिरभुवन चंद्र और यशपाल सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में आयोजित सभी गतिविधियों में कैडेटों का उत्साह देखने लायक रहा।