औचक निरीक्षण में सख्त दिखे सीडीओ, अनुपस्थित कार्मिक का वेतन रोकने के निर्देश

भीमताल । मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने गुरुवार को विकास खण्ड हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आरईएपी परियोजना कार्यालय में एक कार्मिक के अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही खण्ड विकास अधिकारी को अनुपस्थित कार्मिक का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन अपने कार्यों के लिए प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक ब्लॉक कार्यालय आते हैं, ऐसे में अधिकारी व कर्मचारी क्षेत्र भ्रमण पर 3 बजे के बाद ही जाएं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कार्यालय आम जनता से जुड़ा हुआ है, इसलिए जनसामान्य के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भ्रमण पंजिका में क्षेत्र का नाम, दिनांक व समय का स्पष्ट अंकन सुनिश्चित करें।
वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने वहां कार्यरत कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं सुगम समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी संज्ञान में आया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी यशवंत बोहरा विकास खण्ड हल्द्वानी से भीमताल के लिए कार्यमुक्त होने के उपरांत चार्ज देने से पूर्व मेडिकल अवकाश पर चले गए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने डीपीआरओ को तीन दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी का मेडिकल बोर्ड परीक्षण कराकर भीमताल में योगदान आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी तनवीर अहमद सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *