जल संरक्षण को लेकर CDO ने SARRA की बैठक ली, भू-जल रिचार्ज पर हुआ मंथन

भीमताल : विकास भवन सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे ने स्प्रिंग एंड रिवर रीजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जल स्रोतों के संरक्षण और भू-जल रिचार्ज के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
बैठक में उप निदेशक, जलागम प्रबंधन व SARRA के सदस्य सचिव ने बताया कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा हल्द्वानी विकासखंड में 28 रिचार्ज शॉफ्ट का निर्माण किया गया है। वहीं पेयजल निगम, भीमताल द्वारा ग्राम पंचायत बानना में भू-जल संवर्धन का कार्य जारी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि कैची धाम में प्रस्तावित अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। साथ ही नैनीताल वन प्रभाग के 17 और रामनगर वन प्रभाग के 5 गधेरों के विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजे जाएं।
बैठक में बताया गया कि शिप्रा नदी के पुनर्जनन में आईआईटी रुड़की तकनीकी सहयोग देगा। इसके अलावा लघु सिंचाई विभाग को मैदानी क्षेत्रों में भू-जल रिचार्ज के लिए नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में 28 मार्च को मुख्यमंत्री द्वारा भागीरथ मोबाइल एप का लोकार्पण किया गया है, जिसके माध्यम से जल स्रोतों की पहचान कर उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। अप्रैल और मई माह में इसके प्रचार-प्रसार के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *