नगर पालिका की सीमा बढ़ाने व भूमि हस्तांतरण को लेकर अध्यक्ष सीमा टम्टा ने डीएम से की मुलाकात

भीमताल । नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा ने सभासदों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर नगर की समस्याओं से अवगत कराया। अध्यक्ष सीमा टम्टा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नगर क्षेत्र के विस्तार के बिना बढ़ती आबादी की मूलभूत सुविधाओं का सुचारू प्रबंधन संभव नहीं है। उन्होंने नगर पालिका की सीमा बढ़ाने की मांग उठाई और कहा कि आसपास की सरकारी भूमि को नगर विकास के लिए नगर पालिका के सुपुर्द किया जाए, ताकि पार्किंग, सामुदायिक भवन एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का समुचित विकास किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर की भीड़भाड़ और यातायात दबाव का जिक्र करते हुए शहर में व्यवस्थित पार्किंग की सख्त जरूरत बताई। इस संबंध में नगर से सटे राजस्व विभाग की खाली भूमि को नगर पालिका को हस्तांतरित किए जाने की मांग की गई। जिलाधिकारी ने अध्यक्ष सीमा टम्टा एवं सभासदों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से बिंदुवार रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमानुसार जांच कर रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में सभासद प्रेमपाल सिंह गंगोला , दीपक जायसवाल, कुशल नैथानी, प्रिय चौधरी, विशाल जोशी समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *