मुख्यमंत्री धामी पहुंचे नैनीताल, विकास कार्यों का लिया जायजा, कीं कई बड़ी घोषणाएं

भीमताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर नैनीताल पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने मल्लीताल में 1101 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मानसखण्ड मंदिर माला योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और 12 नवविकसित दुकानों का उद्घाटन भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डीएसए मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने बास्केटबॉल कोर्ट का शुभारंभ, खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की और जिले के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सम्मान समारोह में लतिका भंडारी, भूमिका जंतवाल, नितेश बिष्ट, अंश बिष्ट, वैभव पडियार समेत कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नैनीताल में सीवर लाइन, एसटीपी, और ऑटोमेटिक पार्किंग के काम तेजी से चल रहे हैं। जल्द ही अशोक पार्किंग का विस्तार और मेट्रो पार्किंग का निर्माण भी शुरू होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धुनीघाट व रातीघाट पैदल मार्ग का सुधारीकरण, शहीद संजय बिष्ट मोटर मार्ग का उच्चीकरण, राज्य मार्ग-71 के विभिन्न हिस्सों को मजबूत करना, डीएसए मैदान को राष्ट्रीय स्तर का मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर बनाना,फ्लैट्स मैदान में हॉकी टर्फ व बॉक्सिंग रिंग का निर्माण,फ्लैट्स मैदान में व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा, केवल खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।इसके अलावा वैकल्पिक पार्किंग, नवीन वेंडिंग जोन, और नैनी झील की डिसिल्टिंग,बस अड्डा परिसर का लाइटवेट स्ट्रक्चर से पुनर्विकास करने जैसी कई अहम घोषणाएं की ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से स्थानीय जनता और पर्यटकों को सुविधाएं मिलेंगी और नैनीताल की खूबसूरती और सुव्यवस्था को नया आयाम मिलेगा।इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टाम्टा, विधायक सरीत आर्य, राम सिंह कैड़ा, शिव ओरोर, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सिंह, आईजी रिधिम अग्रवाल, एसएसपी पीएम मीणा, और कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *