एसडीएम और नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण
भीमताल : बरसात से पहले शहर को जलभराव से निजात दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर उप जिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने सोमवार को रकसिया नाले का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दमुवाढूंगा के शिव मंदिर क्षेत्र, चम्बल पुल और लालडांठ क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। नगर निगम की ओर से रकसिया नाले की करीब सात किलोमीटर लंबाई में सफाई और चैनलाइजेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 2.2 किलोमीटर हिस्से की सफाई पूरी की जा चुकी है। ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि मई माह के अंत तक पूरे नाले की सफाई और सुधार कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम और नगर आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता की भी समीक्षा की और स्थानीय जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, नगर निगम के सहायक अभियंता समेत निगम की टीम मौके पर मौजूद रही। नगर निगम का दावा है कि समय पर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे आगामी मानसून में शहरवासी जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत महसूस करेंगे।