खराब आटा खाने से दंपती की सेहत पर असर, आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश

भीमताल । जजी कोर्ट के पास, नैनीताल रोड हल्द्वानी निवासी सीमा खंडूजा द्वारा खराब आटा बेचने की शिकायत पर आयुक्त कुमाऊँ मंडल दीपक रावत ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता ने मंगलवार को आयुक्त के हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर पूरा प्रकरण उनके समक्ष रखा और आटे का सैम्पल भी प्रस्तुत किया।
खंडूजा ने बताया कि उन्होंने 4 नवम्बर को नैनीताल रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास संचालित लालता प्रसाद, बसन्त कुमार की राशन की दुकान से यह जानकारी मिलने पर आटा खरीदा कि वहां चक्की का ताजा पिसा हुआ आटा उपलब्ध होता है। आटा खरीदने के बाद जब उस आटे की रोटियां उन्होंने स्वयं व उनके पति ने खाईं तो दोनों के पेट में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद स्वास्थ्य ठीक न रहने के कारण कुछ दिन तक उन्होंने केवल खिचड़ी का ही सेवन किया।
शिकायत के अनुसार 12 नवम्बर को जब खंडूजा ने उसी आटे को छाना तो उसमें बड़ी संख्या में घुन और कीड़े निकले। इसके बाद उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए उपभोक्ता फोरम में भी वाद दायर कर दिया। मंगलवार को खंडूजा ने खराब आटे का सैम्पल सीधे कुमाऊँ आयुक्त के समक्ष पेश कर कार्रवाई की मांग की।
आयुक्त दीपक रावत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी को बुलाकर उक्त आटे का सैम्पल उनके सुपुर्द कराया, ताकि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की जा सके। इधर, राशन की दुकान के स्वामी ने आयुक्त के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी चक्की खराब है, इसलिए वह फिलहाल आंचल का चक्की वाला आटा बेच रहे हैं।
आयुक्त कुमाऊँ ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित राशन की दुकान पर जाकर तत्काल सैम्पल लिए जाएं, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी निकाले जाएं, ताकि संपूर्ण तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट हो सके और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *