अघरिया में गरीब दुकानदार के फड़ में आगजनी पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने जताई नाराजगी, 10 लाख मुआवजे की मांग

भीमताल। धारी ब्लॉक के अघरिया गांव में सड़क किनारे फल एवं सब्जी बेचने वाले गरीब दुकानदार ओम प्रकाश आर्या के फड़ में कथित रूप से रंजिश के चलते बार-बार आग लगाए जाने की घटना पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

मनोज शर्मा ने कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब व्यक्ति किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। ऐसे में उसके रोजगार को नुकसान पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वनाधिकार अधिनियम के तहत स्थानीय ग्रामीणों को वन पंचायत क्षेत्र अथवा सड़क किनारे अपने खेतों में उत्पादित फल एवं सब्जियां बेचने का अधिकार प्राप्त है, जो उनके हक-हकूक के अंतर्गत आता है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले 8 से 10 वर्षों में भाजपा शासन के दौरान दलित समाज को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में कई बार भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल लीपापोती की जाती है।
उन्होंने कहा कि अघरिया में हुई आगजनी की घटना से पीड़ित ओम प्रकाश आर्या को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक उत्पीड़न भी झेलना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र से गुजरने वाले भाजपा नेताओं की ओर से भी पीड़ित के पक्ष में कोई बयान सामने नहीं आया।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा आर्थिक और मानसिक क्षति के मद्देनजर पीड़ित को 10 लाख रुपये का मुआवजा तत्काल दिया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *