पर्वतीय क्षेत्रों में गैस आपूर्ति सुचारु करने की मांग, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के पर्वतीय ब्लॉकों में उपभोक्ताओं को बिना किसी दिक्कत के गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने अपर जिलाधिकारी नैनीताल विवेक राय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मनोज शर्मा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के सभी ब्लॉक पर्वतीय भूभाग में आते हैं, जहां कनेक्टिविटी समेत कई तरह की समस्याएं बनी रहती हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग की तकनीकी प्रक्रिया में उलझाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश युवा रोजगार के लिए बाहर रहते हैं और गांवों में ज्यादातर बुजुर्ग ही निवास करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में बाघ के आतंक के कारण ग्रामीणों को जंगल से चारा और लकड़ी लाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में ग्रामीण पूरी तरह एलपीजी गैस पर निर्भर हैं। इस स्थिति में 45 दिन बाद गैस बुकिंग और आपूर्ति का मानक पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में गैस आपूर्ति के लिए 25 दिन का मानक लागू किया जाए तथा यदि किसी कारणवश बुकिंग नहीं हो पाती है तो उपभोक्ताओं की बुक में प्रविष्टि कर गैस उपलब्ध कराई जाए।
शर्मा ने अपर जिलाधिकारी से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र से संबंधित सभी गैस एजेंसियों को इन मांगों के अनुरूप निर्देशित किया जाए और दूरस्थ क्षेत्रों की जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने को कहा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में सैकड़ों लोग चाय, दाल-चावल और छोटे खाद्य व्यवसाय से अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होना गरीब व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने इन दुकानदारों के लिए भी जल्द से जल्द नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *