दो साल से लंबित शादी अनुदान पर कांग्रेस नेता का श्रम विभाग पर दबाव

ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग, हर ब्लॉक में श्रम कार्यालय खोलने का उठाया मुद्दा

भीमताल। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाले विभिन्न प्रकार के अनुदानों के वर्षों से लंबित होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। विशेषकर शादी अनुदान की फाइलें लंबे समय से अटकी होने पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भीमताल विधानसभा के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं, जहां लोगों द्वारा श्रम विभाग से जुड़ी समस्याएं लगातार उनके सामने रखी जा रही हैं।

शर्मा ने बताया कि शादी अनुदान समय पर न मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लाभार्थियों की अनुदान राशि दो-दो वर्षों से लंबित है, जबकि विभाग की ओर से देरी के कारणों की स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही। इससे गरीब परिवारों को कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
उन्होंने मांग उठाई कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जितने भी शादी अनुदान लाभार्थियों की राशि लंबित है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अन्य प्रकार के लंबित अनुदानों को भी बिना देरी लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।
ज्ञापन में उन्होंने यह मुद्दा भी उठाया कि कई ग्रामीणों का श्रम विभाग में पंजीकरण अब तक नहीं हो पाया है, जबकि अनेक श्रमिकों का नवीनीकरण लंबित है। हल्द्वानी तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए आर्थिक बोझ साबित होता है। ऐसे में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर श्रम विभाग के कार्यालय खोले जाने और दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर लगाकर पंजीकरण व जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
इस संबंध में सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी ने आश्वासन दिया कि शादी अनुदान सहित अन्य लंबित अनुदान राशि जल्द लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में उठाई गई अन्य मांगों पर भी गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *