भीमताल में कांग्रेस को मजबूती, लाखन सिंह नेगी के शामिल होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में कांग्रेस को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब जनसंघर्षों की आवाज माने जाने वाले लाखन सिंह नेगी ने पार्टी का दामन थाम लिया। उनके कांग्रेस परिवार में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा और जिला कांग्रेस नैनीताल के उपाध्यक्ष भुवन सिंह दरमवाल ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि लाखन सिंह नेगी के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी जमीनी स्तर पर और मजबूत होगी।
नेताओं ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र आज विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। युवाओं के लिए रोजगार की कोई ठोस नीति नहीं होने के कारण उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सरकार और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। पिछले दस वर्षों में युवाओं को ठगा गया है, जिससे उनमें निराशा बढ़ी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और काश्तकारों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है और सरकार की ओर से कोई प्रभावी सहायता नहीं मिल रही। क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं, स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं और शिक्षा व्यवस्था भी संकट में है। कई विद्यालयों की इमारतें जर्जर हालत में हैं, जबकि दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है।
नेताओं ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार पनप रहा है और जल जीवन मिशन जैसे कार्यों में भी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से योग्य और संघर्षशील लोगों को आगे बढ़ाने वाली पार्टी रही है और आज समय की मांग है कि सभी जागरूक और प्रतिबद्ध लोग एकजुट होकर जनहित के लिए आगे आएं।
शर्मा ने कहा कि भीमताल विधानसभा प्रभारी होने के नाते वे क्षेत्र की खुशहाली के लिए हर जनहितैषी व्यक्ति का कांग्रेस में स्वागत करते हैं। उन्होंने लाखन सिंह नेगी का पार्टी में स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और संघर्ष से कांग्रेस को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *