ओखलकांडा में ओलावृष्टि से तबाह हुई फसलें, किसान बेहाल

भीमताल : सोमवार शाम तेज बारिश और ओलावृष्टि ने ओखलकांडा ब्लॉक में भारी तबाही मचाई। क्षेत्र के खेतों में तैयार सब्जियां और फल पूरी तरह से नष्ट हो गए। हालात इतने खराब हैं कि कई किसानों की पूरी फसल खेतों में ही सड़ गई। इससे किसान गहरे आर्थिक संकट में आ गए हैं। ग्राम पंचायत कुकना के प्रधान मदन सिंह नौलिया ने बताया कि ओखलकांडा के किसान आलू, मटर, टमाटर, गोभी और शिमला मिर्च जैसी नकदी फसलों पर निर्भर हैं। लेकिन ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी पूरी फसल तबाह हो गई है। इससे किसानों में गहरी निराशा और चिंता है। ग्राम प्रधान नौलिया और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि किसानों को तत्काल फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाए। साथ ही अगली बुआई के लिए उन्हें निशुल्क बीज और खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते राहत नहीं मिली, तो किसान भारी संकट में फंस जाएंगे। इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा, भुवन सिंह दरमवाल और प्रताप सिंह बर्गली ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई थी। उन्होंने सरकार से हिमाचल की तर्ज पर एक मजबूत कृषि नीति लागू करने और किसानों को बाजार दर पर मुआवजा देने की मांग की थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *