कोटाबाग में जनकल्याण शिविर में उमड़ी भीड़, 250 शिकायतें आईं, 190 का मौके पर निस्तारण

भीमताल : राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड कोटाबाग में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन के द्वार” शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही सैकड़ों लोगों की समस्याओं का समाधान किया।

शिविर में 250 शिकायतें और मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 190 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर में 510 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, जबकि 170 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 16 लाभार्थियों को कुल 13 लाख रुपये के अनुदान के चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।

शिविर में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, बाल विकास, खाद्य सुरक्षा, राजस्व, वन, श्रम, विद्युत और पेयजल समेत 27 विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने स्वरोजगार, पेंशन, छात्रवृत्ति, कृषि योजनाओं और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों की समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत और अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने जनसमस्याओं की सुनवाई की। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान नहीं हो सका है, उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य, पेयजल आपूर्ति, सड़क चौड़ीकरण, झाड़ी कटान, नालियों की सफाई, कृषि भूमि की तारबाड़ और भूमि कटाव जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। सांसद ने पेयजल संबंधी शिकायतों पर उपजिलाधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने तथा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जहरीले सांप के काटने से भैंस की मौत पर मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर वन एवं पशुपालन विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी की अदालत में खाद्य सुरक्षा से जुड़े 10 लंबित मामलों का भी निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *