अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
भीमताल : काठगोदाम से हैड़ाखान-खनश्यू को जोड़ने वाले प्रमुख मोटर मार्ग के किमी 3 पर लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े हिस्से का डामरीकरण कार्य सोमवार को शुरू कर दिया गया। क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह मार्ग न केवल हैड़ाखान और खनश्यू बल्कि लगभग 120 गांवों को जोड़ता है, साथ ही चंपावत जिले के लिए भी एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। भूकंप के चलते किमी 3 पर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में कीचड़ व अन्य समय में उड़ती धूल के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए अस्थायी रूप से डामरीकरण कार्य की स्वीकृति दिलाई गई है। अब इस कार्य से लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि इस मोटर मार्ग के स्थायी समाधान के लिए भी कार्यवाही चल रही है। क्षतिग्रस्त हिस्से के नव निर्माण व ट्रीटमेंट हेतु 36 करोड़ रुपये का विस्तृत आकलन तैयार कर लिया गया है। नाबार्ड अथवा अन्य मदों से धनराशि स्वीकृत कराने की प्रक्रिया गतिमान है।
ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग की स्थिति खराब होने के चलते उन्हें परेशानी हो रही थी। अब डामरीकरण से काफी राहत मिलेगी।