मंत्री राम सिंह कैड़ा को ज्ञापन सौंपकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में जल्द सुविधा शुरू कराने की मांग की
भीमताल। नगरवासियों को अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर श्मशान घाट तक ले जाने में होने वाली परेशानी से जल्द निजात मिल सकती है। भीमताल नगर में लंबे समय से स्वर्ग वाहन की मांग उठ रही है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा को ज्ञापन सौंपकर नगर में जल्द स्वर्ग वाहन की व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है।
पूर्व कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप पाठक ने बताया कि भीमताल नगर क्षेत्र में आबादी लगातार बढ़ रही है और आसपास के क्षेत्र भी तेजी से विकसित हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर में स्वर्ग वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में किसी परिवार में मृत्यु होने पर परिजनों को पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए रानीबाग तक ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे शोकाकुल परिवारों को मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों से भी गुजरना पड़ता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वर्ग वाहन की सुविधा किसी एक परिवार की जरूरत नहीं, बल्कि पूरे नगर की आवश्यकता है। खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए इसकी उपलब्धता बेहद जरूरी है।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीमताल में जल्द स्वर्ग वाहन की व्यवस्था शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नगरवासियों को अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर ले जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप पाठक, जिला मंत्री मनोज भट्ट, पूर्व जिला मंत्री दिनेश सांगुड़ी, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, कैप्टन महेश जोशी, पारस चंद्रा, कुलदीप बोहरा, धन सिंह राणा, प्रकाश कनोजिया, प्रकाश आर्या और गोपाल कृष्ण भट्ट सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।