नए भू-लेख पोर्टल के कारण ऑनलाइन खतौनी अपडेट में देरी

तहसीलदार कुलदीप पाण्डे बोले—दाखिल-खारिज की कार्यवाही सुचारु रूप से जारी

भीमताल । तहसील हल्द्वानी अंतर्गत दाखिल-खारिज की कार्यवाही नियमानुसार लगातार संचालित की जा रही है। तहसीलदार कुलदीप पाण्डे ने बताया कि दाखिल-खारिज के आदेश पारित होने के उपरांत संबंधित प्रविष्टि आर-6 पंजिका में दर्ज की जाती है, जिसके बाद भू-लेख पोर्टल पर डाटा अपलोड कर खतौनी में ऑनलाइन प्रदर्शित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नया भू-लेख पोर्टल लॉन्च किए जाने के कारण वर्तमान में कुछ प्रकरणों में खतौनी का डाटा ऑनलाइन प्रदर्शित नहीं हो पा रहा है। इस तकनीकी समस्या के समाधान के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। तहसीलदार ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों से हुई वार्ता में अवगत कराया गया है कि शीघ्र ही डाटा को ऑनलाइन फेच किए जाने के बाद खतौनी में प्रविष्टियां प्रदर्शित होने लगेंगी। तब तक संबंधित पक्षकार आर-6 पंजिका में दर्ज आदेश की सत्यापित प्रति तहसील हल्द्वानी के रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अपील करते हुए कहा कि तहसील हल्द्वानी में दाखिल-खारिज से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है और सभी कार्य नियमानुसार गतिमान हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर संबंधित व्यक्ति सीधे तहसील कार्यालय अथवा उनसे संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *