मानव क्षति से ग्रामीणों में भय, पलायन को मजबूर लोग
भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव की प्रधान एवं ग्राम प्रधान संगठन भीमताल की संरक्षक राधा कुल्याल ने राज्य सरकार से जंगली जानवरों से बचाव और मानव क्षति रोकने के लिए ठोस व कारगर उपाय अपनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तराखंड से लगातार जंगली जानवरों के हमलों में लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों और जंगल से सटे इलाकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
राधा कुल्याल ने कहा कि बढ़ती घटनाओं के कारण लोग अपने घर-गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं, जो राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से वन्यजीवों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और प्रभावित क्षेत्रों में विशेष योजना लागू करने की मांग की।
वहीं क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने तली दीनी में महिला को बाघ द्वारा निवाला बनाए जाने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए वन विभाग और राज्य सरकार को मिलकर ठोस नीति तैयार करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने भी जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।