‘आपातकाल के 50 वर्ष’ विषय पर युवा रखेंगे अपने विचार, राज्य स्तर के लिए 10 का होगा चयन
भीमताल । 23 फरवरी। जिले में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से 25 फरवरी को ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत नैनीताल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वय से प्रातः 11 बजे से डीएसबी परिसर स्थित सेमिनार हॉल में होगा।
उप निदेशक मेरा युवा भारत नैनीताल डोल्वी तेवतिया ने बताया कि इस वर्ष युवा संसद का विषय “आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों को अपने विचार व्यक्त करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। 01 सितंबर 2025 तक 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित तिथि को सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर 10 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक राज्य से तीन श्रेष्ठ प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की युवा संसद का आयोजन संसद भवन, नई दिल्ली में किया जाएगा, जो चयनित युवाओं के लिए गौरवपूर्ण अवसर होगा।
युवा संसद के माध्यम से युवाओं को समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर संवाद का मंच मिलेगा, साथ ही नेतृत्व और वक्तृत्व कौशल को निखारने का अवसर भी प्राप्त होगा। आयोजकों ने इच्छुक युवाओं से 25 फरवरी को पासपोर्ट साइज फोटो तथा पहचान पत्र की फोटोप्रति साथ लाने की अपील की है।