23 मई को खुलेंगे श्री हेमकुंड साहिब के कपाट, तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव से हुई चर्चा

भीमताल । उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को सचिवालय में नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान बिंद्रा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही वार्षिक यात्रा का शुभारंभ होगा।
बैठक में आगामी यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी संक्षिप्त चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली और हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन को भी निर्देश दिए कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *