बागेश्वर के विकास कार्यों पर मंडलायुक्त की नजर, डीएम अपूर्वा पांडेय से ली जानकारी

सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश

भीमताल, 4 जून। बागेश्वर जिले की विकास योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर गुरुवार को कुमाऊं मंडलायुक्त कार्यालय में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बागेश्वर की जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट कर जनपद की प्रगति रिपोर्ट साझा की।

बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से मंथन हुआ। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ ही शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा की गई।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और जमीनी स्तर पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
उन्होंने पर्वतीय जनपद बागेश्वर में आपदा प्रबंधन, रोजगार और पर्यटन आधारित विकास गतिविधियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वहीं जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने भरोसा दिलाया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *