सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अभिलेखों का लिया जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
भीमताल। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, प्रवेश एवं निकास पंजिका तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिनिधियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया में आमंत्रित किया गया था।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे मौजूद रहे। वहीं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में जगदीश कुमार टम्टा (बसपा), दिनेश खुल्वे (भाजपा), संजू उप्रेती (कांग्रेस), हरिश्चंद्र (कांग्रेस) एवं मनोज शर्मा (कांग्रेस) भी उपस्थित रहे।