पर्यटन सीजन से पहले प्रशासन सख्त, व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने दिए कड़े निर्देश

फास्टैग व्यवस्था लागू करने, सत्यापन अनिवार्य करने व अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश

भीमताल, 22 अप्रैल । आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समय से अपनी तैयारियां पूरी करें।
फास्टैग व्यवस्था लागू करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर पालिका नैनीताल को फटकार लगाते हुए कहा कि देशभर के टोल प्लाजा पर फास्टैग लागू हो चुका है, जबकि नैनीताल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर अभी भी मैनुअल व्यवस्था चल रही है। उन्होंने तत्काल फास्टैग प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए।

सभी कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य :

डीएम ने निर्देश दिए कि टैक्सी चालक, नाव संचालक, घोड़ा संचालक एवं होटल कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को पर्यटन कार्य में संलग्न नहीं किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
भीमताल, भवाली और कैंचीधाम क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। सभी टैक्सी वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा करने तथा प्रमुख स्थानों पर इसे प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। शटल सेवा के किराए तय कर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे कोई भी वाहन खड़ा नहीं रहेगा। नियम उल्लंघन पर तत्काल चालान किया जाएगा और बाहरी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा। इसके लिए परिवहन पुलिस की क्यूआरटी तैनात रहेगी।
पार्किंग व मूलभूत सुविधाओं पर जोर
रूसी बाईपास स्थित पार्किंग सहित सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

अवैध होमस्टे व ठेलों पर कार्रवाई :

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी होटल व होमस्टे का संयुक्त निरीक्षण कर उनकी क्षमता का आंकलन किया जाए। अवैध रूप से संचालित होमस्टे पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर अवैध ठेले-फड़ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था सुदृढ़
नैनीताल, भीमताल व कैंचीधाम क्षेत्र में क्यूआरटी टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। चीता बाइक व पीए सिस्टम की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
स्वच्छता, बिजली व कंट्रोल रूम पर निर्देश
नगर निकायों को स्वच्छता, पेयजल, शौचालय व पथ प्रकाश की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल तहसील में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
डीएम ने प्लास्टिक व पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने के निर्देश दिए। साथ ही नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता व झील संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन सीजन में आने वाले सैलानियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्थानीय पर्यावरण सुरक्षित रहे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *