पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो निस्तारण: डीएम

लाइसेंस, पेंशन व भूमि विवादों पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भीमताल , 25 अप्रैल। हल्द्वानी में सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान सशस्त्र लाइसेंस के यूआईएन नंबर न होने तथा अन्य राज्यों से जारी लाइसेंस के कारण उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। डीएम ने स्पष्ट किया कि यूआईएन नंबर एनओसी के साथ मिलने पर ही पोर्टल पर अपलोड किया जा सकता है। साथ ही संबंधित राज्य से लाइसेंस निरस्त कराने के बाद आवश्यकता के आधार पर नया लाइसेंस जारी किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने भीमताल स्थित पूर्व सैनिक संगठन को आवंटित भूमि से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश उप जिलाधिकारी को दिए। वहीं रा.इ.कॉ. प्यूड़ा से स्व. जगन्नाथ दुर्गापाल के जन्मस्थान तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए आगणन व प्रस्ताव मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने वीरांगनाओं की पेंशन समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पेंशनधारी को अनावश्यक परेशान न किया जाए। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

सैनिकों के बच्चों व वीर नारियों के लिए प्रस्तावित छात्रावास निर्माण हेतु समाज कल्याण विभाग को आवंटित भूमि के सीमांकन के लिए समिति गठित की गई, ताकि भविष्य में विभागों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और लाभार्थियों की जानकारी भी साझा की गई। इस दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक सहित अन्य अधिकारी एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *