कृषि ऋण बढ़ाने पर डीएम का जोर, वार्षिक ऋण योजना पुस्तिका का किया विमोचन

डीसीसी और डीएलआरसी बैठक में बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा, किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

भीमताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक ऑनलाइन माध्यम से कैंप कार्यालय हल्द्वानी से आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक अमित वाजपेयी सहित विभिन्न बैंकों और सरकारी विभागों के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक ऋण योजना (एसीपी) पुस्तिका का विमोचन भी किया। उन्होंने जनपद में कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए बैंकों को किसानों तक अधिक से अधिक ऋण सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने और लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित अन्य योजनाओं में भी अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), अटल पेंशन योजना (एपीवाई), मुद्रा योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) सहित विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जनपद के आर्थिक विकास के लिए आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *