भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने बुधवार को भीमताल स्थित शिक्षा विभाग, होम्योपैथी और स्वजल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग में कार्यों में शिथिलता और कई अनियमितताएं सामने आईं। वहीं, होम्योपैथी कार्यालय में चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से केंद्र और राज्य सरकार के पोर्टलों पर अतिथि शिक्षकों से संबंधित कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण भी नहीं किया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से कार्यों की निगरानी और अनुश्रवण में भी शिथिलता सामने आई। इससे शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई।
जिला योजना से संबंधित कार्यों में भी अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि मामले की विस्तृत आख्या जिलाधिकारी को भी प्रस्तुत की जाएगी।
स्वजल कार्यालय में सफाई व्यवस्था खराब
स्वजल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कार्यालय और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। सीडीओ ने कार्यालय के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही नगरपालिका की ओर से लगाए गए कूड़ेदान को हटवाने के निर्देश भी दिए।
होम्योपैथी कार्यालय में चार कर्मचारी अनुपस्थित
होम्योपैथी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।