मैराथन दौड़, नौकायन प्रतियोगिता और हिमालय फूड फेस्टिवल होंगे आकर्षण; शहीद स्मारक पर आंदोलनकारियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
भीमताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। तीन नवंबर को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें राज्य स्थापना दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी बल्बों से रोशन किया जाए। कुमाऊं मंडल विकास निगम भी अपने कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को आकर्षक ढंग से प्रकाशित करेगा।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी को आपसी समन्वय से मैराथन दौड़ आयोजित करने के निर्देश दिए। नैनीताल में मैराथन डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस डीएसए मैदान पहुंचेगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। हल्द्वानी में भी गौलापार स्टेडियम से मैराथन दौड़ आयोजित होगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मैराथन के दौरान चिकित्सा सुविधाओं से युक्त दो एंबुलेंस की व्यवस्था करने और पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
राज्य स्थापना दिवस पर सुबह नौ बजे तल्लीताल स्थित शहीद स्मारक में राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शहीद स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन और पुष्पमालाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुबह 10 बजे डीएसए मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि दोपहर एक बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर मंच निर्माण, स्टॉल, साउंड सिस्टम और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने और नौकायन, सेलिंग, रिंगाटा, दीपदान आदि की व्यवस्थाएं करने को कहा।
बैठक में जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति, जिला पूर्ति अधिकारी को अतिथियों के जलपान, उद्यान विभाग को अतिथि सत्कार और जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हिमालय फूड फेस्टिवल एवं टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्युत विभाग को मुख्य मंच और स्टॉलों में विद्युत संयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा, संस्कृति और सूचना विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रस्तुति, झांकियां और छोलिया नृत्य आयोजित कराने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, एसडीएम अनुराग आर्या, एसडीएम रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।