नैनीताल में मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर, डार्क एरिया में नेटवर्क सुधारने के निर्देश

भीमताल, 6 अप्रैल। जनपद में संचार सुविधाओं और मोबाइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सोमवार को जिला टेलीकॉम कमेटी की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शैलेंद्र नेगी ने की।
बैठक में विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों और शैडो/डार्क एरिया में मोबाइल कनेक्टिविटी को हर हाल में सुचारू रखा जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में सभी मोबाइल टावर 24 घंटे संचालित रहें, इसके लिए पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था के साथ-साथ सोलर सिस्टम का भी उपयोग किया जाए।
मंडलीय अभियंता दूरसंचार ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में स्वीकृत 48 स्थानों पर 4G टावर स्थापित कर दिए गए हैं और वे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। द्वितीय चरण के तहत 10 नए 4G टावर लगाए जाने हैं, जिनमें से 5 स्थानों के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जबकि शेष स्थान—बेलवाखान, जिरौली, रेकुना, बारगल और प्यूडा—में भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है।
इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बीएसएनएल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र संयुक्त निरीक्षण कर भूमि चयन की प्रक्रिया पूर्ण करें और आवश्यक अभिलेख दूरसंचार विभाग को उपलब्ध कराएं।
बैठक में भारत नेट परियोजना के तहत ऑप्टिकल फाइबर के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 477 गांवों को कनेक्टिविटी से जोड़ने का लक्ष्य है, जिसमें से 288 गांवों में कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य प्रगति पर है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वहीं, जिओ कंपनी के प्रतिनिधियों ने हल्द्वानी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर से संबंधित मामला उठाया, जिस पर लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। एयरटेल कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी दो नए मोबाइल टावरों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर प्रशासन ने शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडलीय अभियंता दूरसंचार विकास महरा, भारत नेट से परमिंदर, लोनिवि, सिंचाई, विद्युत, पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *