राजभवन में आयोजित हुआ परिवार मिलन कार्यक्रम

राज्यपाल ने कार्मिकों को बताया परिवार का हिस्सा

भीमताल : राजभवन नैनीताल में शनिवार को राजभवन में कार्यरत समस्त कार्मिकों एवं उनके परिजनों के लिए एक विशेष परिवार मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कार्मिकों और उनके परिवारजनों से भेंट कर उनका हालचाल जाना। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने लंबे समय से राजभवन में सेवा दे रहे कर्मियों को सम्मानित किया और उनके समर्पण व कार्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि “राजभवन के समस्त अधिकारी और कर्मचारी केवल कार्मिक नहीं, बल्कि इस परिवार का हिस्सा हैं। उनके किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान मेरी निजी प्राथमिकता है।”
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि राजभवन नैनीताल ने हाल ही में 125 वर्ष पूर्ण किए हैं और आज भी इसकी भव्यता, गरिमा और सौंदर्य अक्षुण्ण है। इस गौरवपूर्ण धरोहर को सहेजने में कर्मचारियों की भूमिका साधुवाद योग्य है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी से करें। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि राजभवन जैसी गरिमामयी संस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कर्मियों से अपने कार्यों में उत्कृष्टता को लक्ष्य बनाकर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, परिसहाय अमित श्रीवास्तव, अनु सचिव लक्ष्मण राम आर्या सहित राजभवन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *