भीमताल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने गुरुवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एसआईआर के नोटिस चरण में चल रही सुनवाई की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से फीडबैक लिया गया और उनकी आपत्तियों का मौके पर ही समाधान किया गया।
प्रकाश चन्द्र दुम्का ने बताया कि जनपद में 5 अगस्त तक जारी 2,35,085 नोटिसों में से 1,99,833 (84 प्रतिशत) नोटिस बीएलओ के माध्यम से संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य विसंगति वाले मामलों का बीएलओ स्तर पर ही दस्तावेजों के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उनके मामलों की सुनवाई ईआरओ और एईआरओ स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नोटिस जारी होने से किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर मिलेगा। अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाना है।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें कोई नोटिस प्राप्त होता है तो वे घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित दस्तावेजों के साथ संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
बैठक में कांग्रेस के मनोज शर्मा व हरीश चन्द्र, भाजपा के विनीत अग्रवाल, मनीष पाल और राजेन्द्र सिंह बिष्ट, बसपा के हरीश चन्द्र सिनोली व जगदीश कुमार टम्टा सहित अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सुधीर कुमार, नवाजिश खालिक तथा विभिन्न एईआरओ मौजूद रहे।