भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की पहल पर धारी विकासखंड के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी को वर्षों बाद अपनी पैतृक भूमि का कब्जा वापस मिल गया। प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भूमाफिया के कब्जे से करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर पीड़िता को सौंप दिया।
ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि उनकी पैतृक भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर लिया गया है। कई स्तरों पर गुहार लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका था। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया।
भूमि वापस मिलने पर भगवती देवी ने जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें लंबे समय बाद न्याय मिला है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।