भीमताल । पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं प्रमुख उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भीमताल विधायक रामसिंह कैड़ा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को खनस्यूं में आयोजित चिकित्सा शिविर के दौरान एक अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया को कथित रूप से अभद्रता का सामना करना पड़ा और गलत कार्य करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि कार्य से इंकार करने पर चिकित्सक को “देख लेने” की धमकी दी गई।
हरीश पनेरु ने यह भी दावा किया कि मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को भी फोन पर धमकाया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं भीमताल विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में अराजकता की स्थिति को दर्शाती हैं।
प्रेस वार्ता में पनेरु ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच भय का वातावरण व्याप्त है। उन्होंने विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दबाव एवं धमकी की संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पनेरु ने कहा कि भीमताल विधानसभा में किसी भी प्रकार की कथित दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से इस प्रकरण में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की है।