भीमताल । नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद व पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने सोमवार को एपीएस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित किया। इस मौके पर अजय भट्ट ने शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में गुरु की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुरु ही छात्र-छात्राओं को नवनिर्माण के मार्ग में प्रशस्त करता है। जो भी विद्यार्थी माता-पिता और गुरु की आज्ञा का पालन करता है, वही जीवन में सफलता पाता है और समाज तथा देश के विकास में योगदान देता है।
भट्ट ने कहा कि छात्रों को राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए तैयार करना शिक्षकों की बड़ी जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक भुवन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।