भीमताल । लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी राहत देते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र ढोलीगांव से मल्ली डानशीली, तल्ली डानशीली, गडूडा होते हुए जान सिमलकन्या तक प्रस्तावित मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मार्ग का निर्माण 4 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से इस मोटर मार्ग की मांग कर रहे थे। सड़क न होने के कारण लोगों को दैनिक उपयोग का सामान ढोने के साथ-साथ मरीजों को मुख्य सड़क तक घोड़ों या कंधों के सहारे ले जाना पड़ता था, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन से 4.95 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे मंत्री कैड़ा का ढोलीगांव, पजेना, तल्ला कांडा, मल्ला कांडा, कुलोन, दिगोली, धैना, पड़ायल, कुकना, बजवालगांव और कैड़ागांव सहित विभिन्न गांवों में फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री कैड़ा ने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया, वहीं ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण की सौगात मिलने पर उनका धन्यवाद किया।