ग्रामीणों को मिलेगी राहत, जगह-जगह बने गड्ढों से थे परेशान
भीमताल : क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को कसियालेख से पोखराड–धारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक कैड़ा ने कहा कि यह मोटर मार्ग लम्बे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे ग्रामीणों व किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। ग्रामीण लगातार इस मार्ग के सुधार की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शासन से मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधार कार्य हेतु आवश्यक धनराशि स्वीकृत करा ली गई है। कार्य को शीघ्रता से पूरा करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है।
विधायक ने कहा कि डामरीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने PWD विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक सुविधा मिल सके। उन्होंने आशा जताई कि कार्य पूर्ण होने के पश्चात ग्रामीणों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र का समुचित विकास होगा।