शेड्यूल के बावजूद नहीं पहुंची गैस गाड़ी, कई वार्डों में बढ़ी दिक्कत
भीमताल। नगर क्षेत्र में सोमवार को रसोई गैस आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्धारित शेड्यूल के बावजूद गैस की गाड़ी विभिन्न वार्डों में नहीं पहुंची, जिससे लोगों को दिनभर इंतजार करना पड़ा।
नौकुचियाताल, डाठ, मल्लीताल सहित कई क्षेत्रों के उपभोक्ता सुबह से ही सिलेंडर भराने के लिए गाड़ी का इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम तक आपूर्ति नहीं हो सकी। वहीं, थपलिया मेहरा गांव और शाह खोला वार्ड संख्या चार में भी गैस वितरण का दिन तय होने के बावजूद गाड़ी नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी की लापरवाही के चलते उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। कई उपभोक्ताओं को खाली सिलेंडर लेकर इधर-उधर भटकना पड़ा, जिससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक दिक्कत झेलनी पड़ी।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन और कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ला से गैस आपूर्ति को नियमित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में तय शेड्यूल के अनुसार गैस की गाड़ी भेजी जाए और पूर्व की तरह घर-घर सिलेंडर वितरण व्यवस्था लागू की जाए।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।