राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 6 नवम्बर को हल्द्वानी में भव्य सैनिक सम्मेलन

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थल का निरीक्षण कर ली अंतिम तैयारियों का जायजा

भीमताल । उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह के अंतर्गत गुरुवार, 6 नवम्बर को हल्द्वानी के एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय सैनिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। सैनिक कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को सम्मेलन स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, भोजन, शौचालय, पार्किंग आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री जोशी ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को सरकार की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आगंतुक को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सम्मानित की जाने वाली वीर नारियों के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नगर निगम हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, तथा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि.) रमेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *